बुधवार, 11 दिसंबर 2019

मर्द होने का भ्रम

बस में मेरे बगल में एक व्यक्ति हैं। उनके परिवार में किसी की मौत हो गई है। फोन पर उन्होंने किसी को सूचना दी, उससे मुझे यह आभास हुआ। उसके बाद से वे लगातार परेशान हैं। कभी जेब से रुमाल निकाल कर मुँह पौंछने लगते हैं। कभी आँखे। 

कभी जोर से खंखारने लगते हैं। उनकी हरकतों से लगता है कि वह फफक कर रोना चाहते हैं। लेकिन, अपने आप को रोक लेते हैं। बीच-बीच में फोन आता है, नॉर्मल हो कर बात करने की कोशिश करते हैं। रास्ते में हूँ, जल्दी पहुंचने की बात कहते हैं। फिर फोन रखकर अपने रुके हुए आंसुओं को जैसे भीतर ढकेलने की कोशिश करते हैं। आंख में कुछ गिर गया हो, यह जताने की कोशिश करते हैं। 

लगभग, हर मर्द के साथ यह होता है। उसका मर्द होने का भ्रम उसे रोने नहीं देता। बिलखने नहीं देता। गुबार निकलने नहीं देता। बार-बार उसका मर्द, जो एक दिखावे से कम नहीं है, उसे रोक देता है। बहुत आसान नहीं होता, मर्द होने के भ्रम को बनाये रखना। कुछ लोग इस भ्रम को बनाए रखने के लिए कठोरता की हदें पार कर देते हैं।

हम जैसे होते हैं, वैसा देखते हैं

अपने एक दोस्त हैं। उन्होंने एक किस्सा सुनाया कि वह एक रेलवे प्लेटफॉर्म पर बैठकर ट्रैन का इंतजार कर रहे थे कि तभी एक बुजुर्ग आए। कपड़ों से ही उनकी गरीबी झलक रही थी। उनसे 35 रुपये मांगने लगे कि उन्हें 35 रुपये वाली खाने की थाली खानी है पर उनके पास पैसे नहीं हैं। दोस्त ने तत्काल बुजुर्ग की बात पर विश्वास कर लिया और बुजुर्ग को खाना खिला दिया, लेकिन पैसे नहीं दिए। 

कुछ देर बाद मेरे दोस्त ने देखा कि वही बुजुर्ग कुछ दूरी पर अपनी जेब से पैसे निकाल कर गिन रहा था। मैं अब  अपने दोस्त के अगले शब्दों का इंतजार करने लगा, लेकिन उन्होंने बेहद सहज भाव से कहा कि हो सकता है कि बुजुर्ग के पास खुले पैसे नहीं होंगे। 

मैं अब हैरान था और खुश भी। मेरे मित्र यह मानने के लिए तैयार नहीं थे कि उनसे झूठ बोला गया, बल्कि वे उसमें भी कोई सकारात्मक पक्ष ढूंढ़ रहे थे। 

दरअसल, जब भी हम किसी अजनबी से मिलते हैं तो हमारे भीतर दो भाव पैदा होते हैं कि कहीं अनजान व्यक्ति कोई गलत व्यक्ति तो नहीं, जबकि दूसरा भाव हमारा विश्वास होता है, जो यह मानता है कि अनजान व्यक्ति अच्छा आदमी होगा। कुछ लोग इसे चेहरा पढ़ने का हुनर बता कर ढींगे तक हांकते हैं, लेकिन यह हमारे भाव हमारी सोच को दर्शाता है। अगर हमारे भीतर छल कपट नहीं है तो हम दूसरों से भी यही अपेक्षा करते हैं। कुछ लोगों का तर्क होता है कि वे कई बार छले गए हैं, इसलिए आसानी से विश्वास नहीं करते, लेकिन यह कहना गलत है। क्योंकि अगर आप भले हैं तो अपनी भलाई को कम नहीं होने दे सकते। 

बहुत हो गया ज्ञान😁

गुरुवार, 31 अक्टूबर 2019

हवा में जहर

इन दिनों हवा में जहर है...
यह कहकर हवा को क्यों कोसते हो 
हवा तो तुम्हें वही लौटा रही है जो
तुम रोज उसे देते हो...

रविवार, 27 अक्टूबर 2019

मैं ऐसा क्यों हूं?

 

मुझे जानने वाले या मेरे आसपास रहने वाले लोगों को मेरी नीरसता का आभास त्यौहारों के मौके पर होता है और जो लोग मेरे बेहद नजदीकी हैं, उन्हें मेरी नीरसता खलती है। इसकी सबसे बड़ी पीड़ित मेरी पत्नी है। दरअसल, बचपन के कुछ सालों को छोड़ दूं तो उसके बाद से मेरे भीतर उत्सवधर्मिता का अभाव रहा है। 

कई वजह हो सकती हैं। सकती हैं  का मतलब मैं खुद श्योर नहीं हूं कि यही वजह हो सकती हैं। लेकिन कुछ वजहों में से एक बड़ी वजह यह भी हो सकती है कि मेरे माता-पिता भी उत्सवधर्मी नहीं थे। पिता खाते-पीते नहीं थे, अंतर्मुखी थे। अपने आप में रहना ज्यादा पसंद करते थे। पर मां ऐसी नहीं थी, दूसरों के साथ मिलना-जुलना लगा रहता। परंतु एक उम्र के बाद बीमारी ने ऐसा जकड़ा कि धूल-धुएं से दूर रहने लगी। उसे अस्थमा हो गया और उसके बाद मैंने कभी उसे होली-दीवाली खुश नहीं देखा। पिछले कुछ सालों में तो हर दिवाली पर बीमार पड़ जाती। 

कुछ पिता की आदतें और कुछ मां की हालत देखकर मैं भी उत्सवों से दूर रहने लगा। खाने-पीने की आदत विकसित नहीं कर पाया। ऐसा नहीं है कि मैं अकेला हूं, जो ऐसा ही हूं। बहुत से लोग हैं, जो मेरे जैसे ही हैं। 

बस दुख तब होता है कि जब मेरे मैं की वजह से मेरे अपने मुझसे दुखी रहते हैं। कोशिश करता हूं, बदलने की, लेकिन कहते हैं कि जो काम मन से करो, वो ज्यादा देर किया नहीं जा सकता।  

इसलिए, मैं उनसे सब लोगों से क्षमा मांगता हूं, जो मेरे इस मैं पने से दुखी हैं। 

बुधवार, 17 अक्टूबर 2018

ईमानदारी पर शक



करीब दो महीने पहले की बात है। मैं अपनी स्‍कूटी से ऑफिस से आ रहा था। नोएडा से फरीदाबाद तक का लगभग 45 किलोमीटर का सफर। रात के लगभग साढ़े दस बज चुके थे। घर से करीब 20 किलोमीटर दूर था क‍ि लगा स्‍कूटी पंचर हो गई है और एक ओर चल रही है। थोड़ा सा ही आगे गया था क‍ि एक पंचर वाला दिखाई दिया। वहां स्‍कूटी खड़ी की और वहां दो लड़के अंदर बिस्‍तर लगाकर लेटे हुए थे और अपने फोन पर लगे थे। मैंने उनसे बात की तो उन्‍होंने बताया क‍ि अब दुकान बंद हो चुकी है। काफी मनाने के बाद एक लड़का तैयार तो हो गया, लेकिन 50 की बजाय 100 रुपए में। मैं भी तैयार हो गया। मैंने उसे बताया क‍ि पीछे का टायर पंचर है। उसने खोलकर चेक किया तो पंचर नहीं मिला। जैसे ही उसने टायर चढ़ाया और मैं स्‍कूटी स्‍टार्ट करने लगा तो लगा क‍ि आगे का टायर पंचर है।

फिर से उसे मनाया। जेब में 200 रुपए थे, 100 उसे दे चुका है। उसने आगे का टायर खोला, चेक किया। मुझे लगा क‍ि पंचर तो नहीं है, लेकिन उसने कहा क‍ि दो पुराने पंचर हैं, जो लीक हो रहे हैं। मुझे लग रहा था क‍ि पंचर नहीं हैं, केवल हवा कम थी, लेकिन मैं अपने आप से ही संतुष्‍ट नहीं था। सोचा क‍ि एक बार फिर से उस 20 से 22 साल युवक को कहूं क‍ि वह मेरे सामने दोबारा पंचर चेक करे, लेकिन फिर लगा क‍ि ऐसा करने से वह युवक न जाने क्‍या सोचने लगे। कहीं, उसे यह लगने लगे क‍ि मैं उस पर शक कर रहा हूं। फिर फैसला लिया क‍ि अपने शक को पुख्‍ता करने के लिए उस पर शक नहीं किया जाना चाहिए। हो सकता है क‍ि वह सच्‍चा है और मेरे शक करने से उसे ठेस पहुंचे। इसलिए मैंने उसे बताया क‍ि मेरे पास अब 100 रुपए ही बचे हैं, लेकिन मैं 50 रुपए बाद में दे दूंगा। वह मान गया और दोनों पुराने पंचर उखाड़ कर नए लगा दिए। मैं वहां से आ तो गया, लेकिन दिमाग बार-बार टोकता है क‍ि मुझे बेवकूफ बना दिया। आप भी इसे मेरी बेवकूफी मान सकते हैं। हालांकि दिल के कहने पर मैं दो बार उसे 50 रुपए देने भी गया, लेकिन वह दुकान पर नहीं मिला।
दूसरा किस्‍सा जल्द ही ...

रविवार, 16 सितंबर 2018

उम्र से बाहर निकलिए, सुकून मिलेगा

मैं मेट्रो से उतरा और गेट की ओर बढ़ते हुए मेरा हाथ जेब में गया तो एक पर्ची हाथ लगी। देखा, फालतू पर्ची है। सोचा, डस्टबिन में डाल दूं, लेकिन अचानक मैंने उस पर्ची की गोल पुड़िया बना ली और उसे एक गेंद की तरह ऊपर उछाला। खुद भी उछलते हुए उस पर्ची को बैडमिंटन की शटल की तरह अपने से दूर फैंक दिया। कितनी दूर गई, यह देखा और उस पर्ची को सलीके से उठाया और डस्टबिन में डाल दिया।

मैं उस पर्ची को सलीके से डस्टबिन में भी डाल सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। जानते हैं, उस 1 से भी कम मिनट के समय में मैंने दो उम्र को जीने का प्रयास किया। करीब 5 से 10 सैकंड के लिए मैं 15 से 20 साल के अल्हड़ किशोर की उम्र में पहुंच गया। बिल्कुल उसकी तरह, मैंने एक पर्ची की पुड़िया बनाई और खेलने का प्रयास किया और उसके ठीक बाद मैं अपनी उम्र में पहुंच गया और सलीके से पर्ची को उठा कर डस्टबिन में डाल दिया।

मेरी हरकत आपको बेवकूफाना लग सकती है। अपनी उम्र से पीछे जाने की बेवकूफ कोशिश। लेकिन आप भी कभी ऐसा कीजिए। हो सकता है कि आप ऐसा करते भी हों, जोर-जोर से बच्चों की तरह हंसना। बच्चों के बीच बच्चा बनने की कोशिश करना। यह सब आप अपनी उम्र से पीछे जाने के लिए करते हैं। यह बहुत जरूरी है। अपने आप से निकलना, बेशक कुछ समय के लिए ही सही। लेकिन आपको अपने आप से निकलना चाहिए।

आप जिस पेशे में हैं, जिस ओहदे में हैं, उसे हमेशा ओढ़े रखना कोई समझदारी नहीं है। आप जब उम्र दराज हो जाते हैं तो उछलते-कूदते किशोर या युवा आपको अच्छे नहीं लगते। खासकर कोई लड़की हो तो आप इतने सामाजिक हो जाते है कि आपको लड़की की हंसी में बेशर्माई दिखाई देती है। उस समय कुढ़ने की बजाय सोचिए कि अगर आप भी उस उम्र में होते तो क्या करते। निकलिए अपने आप से बाहर, बेहद सुकून मिलेगा।


आपको अपने से कम ओहदे का आदमी भी नहीं सुहाता। उसकी मस्ती आपको परेशान कर देती है। उसके काम करने का तरीका आपको नहीं भाता। लेकिन कुछ देर के लिए आप अपने ओहदे से बाहर निकलिए, उसके जैसा होने का प्रयास कीजिए। थोड़ी देर के लिए ही सही, लेकिन आपको लगेगा कि आप हल्के हुए हैं।
#फ्री_का_ज्ञान 

गुरुवार, 13 सितंबर 2018

#फ्री_का_संपादक 3

#फ्री_का_संपादक

12 सितंबर 2018 के अखबारों में छपी कि हरियाणा सरकार ने बिजली के दाम कम कर दिए हैं। कुछ अखबारों का शीर्षक था, हरियाणा में दिल्ली से सस्ती हुई बिजली। दसअसल, यह हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर की  घोषणा पर आधारित एक खबर थी, जिससे ऐसा लग रहा था कि हरियाणा सरकार ने कीमतें कम कर दी हैं। इस खबर में यह भी कहा गया था कि पहली बार बिजली निगम को 200 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। लेकिन खबर लिखते या संपादित के वक्त यह ध्यान नहीं रखा गया कि आखिर सरकार यह फैसला कैसे ले सकती है।

देश में इलेक्ट्रिसटी एक्ट 2003 के तहत सभी प्रदेशों में बिजली निगम या कंपनियां बिजली उत्पादन, वितरण और आपूर्ति करती हैं। बिजली की दरों का निर्धारण राज्यों में बने बिजली नियामक आयोग करते हैं। तो कैसे सरकार कीमतें कम करने की घोषणा कर सकती हैं? यह सवाल इस खबर में पूछा ही जाना चाहिए था।

अगले दिन यानी 13 सितंबर के अखबार में यह बताया गया कि हरियाणा सरकार बिजली निगमों को 600 करोड़ रुपए की सब्सिडी देंगी, जिससे लोगों के पास जो बिल पहुंचेंगे, उनमें सब्सिडी घटा कर भेजा जाएगा। दरअसल, यही खबर थी, जिसे उसी दिन यानी कि मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ ही लिखा जाना चाहिए था कि लोगों के बिजली के बिल कम करने के लिए सरकार सब्सिडी देगी। ऐसा ही, दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार करती है। बिजली की दरों का निर्धारण करना या सरचार्ज लगाना-कम करना सरकार का काम नहीं है। इस खबर में यह भी बताया जाना चाहिए था कि चूंकि सब्सिडी पब्लिक मनी है तो जनता का पैसा ही जनता को लौटाया जा रहा है। ऐसे में, बिजली निगमों को हो रहे 200 करोड़ रुपए के फायदे पर सवाल उठाए जा सकते थे।