मंगलवार, 17 मार्च 2015

नमक हराम केजरीवाल !

आज की सबसे बड़ी ख़बर ...
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने आज नमक नहीं खाया है। जी हाँ ... केजरीवाल ने आज देश का नमक नहीं खाया है।
यह बड़ी खबर आ रही है कौशाम्बी से। कि केजरीवाल, जो देश का प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं और अभी देश की राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं ने देश का नमक नहीं खाया है।
इस पर होगी, आज की सबसे बड़ी बहस।
कांग्रेस और बीजेपी के प्रवक्ता स्टूडियो पहुँच चुके हैं। दो वरिष्ठ पत्रकार भी हमारे साथ होंगे। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता भी हमसे जुड़ने वाले हैं।
लेकिन पहले जानते हैं क्या है पूरी खबर...।
सीधे चलते हैं कौशाम्भी, जहाँ हमारे संवाददाता कुमार, केजरीवाल के घर के बाहर खड़े हैं।
जी, कुमार । क्या है पूरी खबर...?
जी, मनीशा। एक तो हम ये बता दें कि हम केजरीवाल के घर के बाहर नहीं खड़े हैं, क्योंकि हमें वहां खड़े नहीं होने दिया गया।
हम इससे पहले अपनी सबसे बड़ी खबर में बता चुके हैं कि केजरीवाल ने किस तरह देश और दिल्ली के लोगों से झूठ बोला कि वह सिक्योरिटी नहीं लेंगे। वह सिक्योरिटी ले रहे हैं ...
जी कुमार हम समझ सकते हैं की इन सिक्योरिटी वालों की वजह से आपको कितनी परेशानी हो रही है और हम केजरीवाल के इस झूठ का खुलासा भी कर चुके हैं,लेकिन इस समय की बड़ी खबर क्या है और आपको कहाँ खड़ा होना पड़ रहा है ?
जी मनीशा। हम इस समय कौशाम्भी मेट्रो स्टेशन के बाहर खड़े हैं।
यहाँ हमारे साथ खड़े हैं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पड़ोसी...।
जी, आप कह रहे थे कि केजरीवाल ने आज नमक नहीं खाया है।
जी नहीं। मैंने ये नहीं कहा कि उन्होंने नमक नहीं खाया। मैंने ये कहा कि मेरे फ्लैट का किचेन उनके किचेन से लगा हुआ है और आज रोजाना की तरह सुबह से उनके किचेन से छौंक की खुशबू नहीं आयी है।
जी, मनीषा सुना आपने ...। आज की बड़ी खबर। आज केजरीवाल के किचन में सब्जी नहीं बनी है और केजरीवाल सचिवालय के लिए घर से निकल चुके हैं। मतलब साफ है। आज केजरीवाल ने नमक नहीं खाया है।
शुक्रिया कुमार...। आप हमारे साथ बने रहिएगा और अपना ख्याल रखिएगा।
....तो हम अपने दर्शकों को बता दें कि जिस नमक को खा कर आप गर्व महसूस करते हैं। गरीब यानी आम आदमी जिस नमक के बिना जी नहीं सकता। जिस देश का नमक खा कर जवान नमक का कर्ज चुकाने की कसम खाते हैं। वही नमक, देश का नमक केजरीवाल ने नहीं खाया है। इस पर हम अपने मेहमानों से चर्चा करेंगे।
एक ब्रेक के बाद ...।
बड़ी खबर के प्रायोजक हैं "टाटा नमक, देश का नमक"
- राजू सजवान (डिस्क्लमेर :- मुझे किसी का आदमी ना समझा जाये। मेरी पत्नी मुझे अपना आदमी समझती है, जो किसी के साथ बाँट नहीं सकती)

कोई टिप्पणी नहीं: